कटरा/जम्मू, 13 जून 2026 हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज जम्मू के कटरा स्थित पवित्र माता वैष्णो देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उनके साथ उपस्थित रहीं।
मंदिर परिसर में राज्यपाल ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव से दर्शन किए तथा प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर प्रगति के लिए विशेष प्रार्थना की। उन्होंने माता वैष्णो देवी से हिमाचल प्रदेश के लोगों के उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य और समग्र विकास की कामना की।
राज्यपाल ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत देश की सबसे बड़ी शक्ति है, जो समाज को एकता, सद्भाव और मानवीय मूल्यों से जोड़ती है। उन्होंने प्रार्थना की कि देश में आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता निरंतर मजबूत होती रहे तथा प्रत्येक नागरिक को सुख, शांति और सम्मानपूर्ण जीवन प्राप्त हो।
उन्होंने माता रानी से प्रदेश में विकास, सुशासन और जनकल्याण के कार्यों को नई गति मिलने की भी कामना की। राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि देवी का आशीर्वाद सभी देशवासियों को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करेगा और राष्ट्र को विकास एवं समृद्धि के नए आयामों तक पहुंचाने में प्रेरणा देगा।
इस दौरान मंदिर प्रशासन के अधिकारियों ने राज्यपाल का स्वागत किया तथा उन्हें मंदिर की धार्मिक एवं ऐतिहासिक परंपराओं की जानकारी भी दी। दर्शन के उपरांत राज्यपाल ने मंदिर परिसर में कुछ समय व्यतीत कर श्रद्धालुओं से भी भेंट की और उनकी कुशलक्षेम जानी।