ऊना/अंब-अंदौरा, 6 जून: हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने शनिवार सुबह अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का शुभारंभ किया। उन्होंने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इसे हिमाचल प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण रेल संपर्क उपलब्धि बताया।
नई रेल सेवा के शुरू होने से हिमाचल प्रदेश का सीधा जुड़ाव पूर्वी भारत के प्रमुख शहरों, विशेषकर कोलकाता से हो गया है। इससे प्रदेश के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर और सुविधाजनक रेल विकल्प मिलेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार सुबह 7:40 बजे कोलकाता से रवाना होकर शुक्रवार शाम 7:10 बजे अंब-अंदौरा पहुंचेगी। वहीं, वापसी में यह ट्रेन शनिवार सुबह 6:10 बजे अंब-अंदौरा से चलकर रविवार दोपहर 2:50 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
इस रेल सेवा के माध्यम से यात्रियों को अंबाला, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, आसनसोल के अलावा धार्मिक महत्व वाले शहरों वाराणसी और पटना साहिब तक सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
पहले यह ट्रेन कोलकाता से नंगल डैम तक संचालित होती थी, लेकिन अब इसका विस्तार अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन तक कर दिया गया है। सप्ताह में एक बार चलने वाली यह ट्रेन हिमाचल के यात्रियों के लिए पूर्वी भारत तक पहुंच को और अधिक आसान बनाएगी।
रेल विशेषज्ञों का मानना है कि नई रेल सेवा से पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही पंजाब, दिल्ली और पूर्वी भारत की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्य बिंदु:
अंब-अंदौरा से कोलकाता के बीच सीधी रेल सेवा शुरू
सांसद अनुराग ठाकुर ने दिखाई हरी झंडी
वाराणसी और पटना साहिब सहित कई प्रमुख शहरों से सीधा संपर्क
पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा
सप्ताह में एक दिन संचालित होगी गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस
देवभूमि हिमाचल में रेल कनेटक्टिविटी की दिशा में आज का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है।
हिमाचल के अंब-अंदौरा से चलकर पश्चिम बंगाल के कोलकाता को जाने वाली गुरुमुखी सुपरफ़ास्ट एक्सप्रेस का आज अम्ब-अंदौरा स्टेशन से विभिन्न गणमान्यों व रेलवे अधिकारियों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखा कर गंतव्य के लिए रवाना करने का सुअवसर मिला।
हिमाचल की जनता के लिए मोदी सरकार की ओर से रेलवे नेटवर्क से जुड़ी एक बड़ी सौगात है। ट्रेन के नए रूट की शुरुआत होने से हिमाचल के व्यापारियों, परीक्षार्थियों, नौकरी करने वालों और आम यात्रियों को बहुत बड़ी सुविधा मिलेगी। इस नई रेल सेवा की शुरुआत से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी, जो कि इस इलाके के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी।
मैं हिमाचल के हित में इस बड़ी सौगात के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी व रेलमंत्री श्री @AshwiniVaishnaw जी का हार्दिक आभार प्रकट करता हूँ।