किशोरों को नशे से दूर रहने और संतुलित आहार अपनाने का दिया संदेश
मंडी जिले की बल्ह तहसील स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लोहारा में खंड चिकित्सा अधिकारी रत्ती डॉ. पीयूष वैद्य के सौजन्य से किशोर स्वास्थ्य एवं कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्रिंसिपल रवी वर्मा ने की।
इस अवसर पर खंड स्वास्थ्य शिक्षक सुरेश चन्देल ने विद्यार्थियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक परिवर्तनों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किशोरावस्था जीवन की अत्यंत संवेदनशील अवस्था होती है, जिसमें बच्चे अच्छे और बुरे दोनों मार्गों की ओर आकर्षित हो सकते हैं। अच्छी संगत बच्चों को ऊंचाइयों तक पहुंचाती है, जबकि बुरी संगत उन्हें गलत रास्ते की ओर ले जा सकती है।
उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज बड़ी संख्या में युवा बीड़ी, सिगरेट, शराब, भांग, गुटखा, खैनी, चिट्टा, दवाइयों और इंजेक्शन के माध्यम से नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि नशे के कारण मुंह, फेफड़ों और लिवर का कैंसर, हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही समाज में बढ़ते अपराध, दुर्घटनाएं और अन्य असामाजिक गतिविधियों के पीछे भी नशे की बड़ी भूमिका है।
कार्यक्रम में बच्चों को संतुलित आहार के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। मीनाक्षी ने बताया कि किशोरावस्था में शारीरिक और मानसिक विकास तेजी से होता है, इसलिए पोषक तत्वों से भरपूर संतुलित भोजन लेना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त पोषण न मिलने से बच्चों में कुपोषण, कम वजन और खून की कमी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।
इस दौरान स्कूल की छात्राओं को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि हिमाचल प्रदेश में 14 से 15 वर्ष की लड़कियों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी वैक्सीन निशुल्क लगाई जा रही है, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव किया जा सके।
कार्यक्रम के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें अंजली ने प्रथम, स्मृति ने द्वितीय और सूरज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागियों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
स्कूल के प्रिंसिपल रवी वर्मा ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज में भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों को संतुलित आहार अपनाकर अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।
इस अवसर पर महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता आरती, अध्यापक रमेश गुलेरिया, नरेश वाला, कला देवी, प्रकाश चंद, लीलाधर, तिलक राज, आशा कार्यकर्ता लता देवी सहित स्कूल के 108 विद्यार्थी और 24 स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।