ज्वालामुखी नगर परिषद चुनाव में हार-जीत का अंतर केवल 87 वोट, जनता के फैसले का सम्मान: रविंद्र सिंह रवि
पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता Ravinder Singh Ravi ने ज्वालामुखी में मीडिया को संबोधित करते हुए नगर परिषद चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में नगर परिषद चुनाव हुए हैं और ज्वालामुखी में भी पार्टी कार्यकर्ताओं तथा समर्थित उम्मीदवारों ने पूरी जिम्मेदारी और मेहनत के साथ चुनाव लड़ा।
रविंद्र सिंह रवि ने कहा कि जीत और हार लोकतंत्र के दो पहलू हैं। इस बार बहुमत दूसरे पक्ष के पास गया है, जिसका भाजपा सम्मान करती है। उन्होंने विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी और जो उम्मीदवार जीत से वंचित रह गए, उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को कुल 2070 वोट मिले, जबकि भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को 1983 वोट प्राप्त हुए। दोनों के बीच केवल 87 वोटों का अंतर रहा। उन्होंने कहा कि ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में संभवतः पहली बार इतना कम अंतर देखने को मिला है।
रवि ने कहा कि यदि थोड़ी और मेहनत की जाती तो परिणाम अलग हो सकते थे, लेकिन जनता का फैसला सर्वोपरि होता है और भाजपा उसका सम्मान करती है। उन्होंने मतदाताओं का भी आभार व्यक्त किया।
नई नगर परिषद से उन्होंने अपील की कि विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालामुखी में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा के अन्य शक्तिपीठों जैसे माता चामुंडा और माता बृजेश्वरी मंदिरों की तरह ज्वालामुखी में भी साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए।