ज्वालामुखी (कांगड़ा) : वरूथनी एकादशी के पावन अवसर पर 13 अप्रैल (सोमवार) को ज्वालामुखी क्षेत्र में धार्मिक आस्था और भक्ति का विशेष वातावरण देखने को मिलेगा। इस अवसर पर श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, बोहण देहरा रोड में दोपहर बाद से भव्य कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर समिति और आयोजकों की ओर से सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर मंदिर पहुंचकर भगवान श्री हरि लक्ष्मी नारायण जी का गुणगान करें और इस पुण्य अवसर का लाभ उठाएं। साथ ही लोगों से अपने आसपास के श्रद्धालुओं को भी इस आयोजन की जानकारी देने का आग्रह किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस भक्ति कार्यक्रम में शामिल हो सकें।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, वरूथनी एकादशी का व्रत विशेष फलदायी माना जाता है। उदया तिथि के अनुसार यह व्रत 13 अप्रैल को रखा जाएगा, जबकि व्रत का पारण 14 अप्रैल को किया जाएगा।
मान्यता है कि इस दिन भगवान श्री हरि विष्णु की आराधना करने से व्यक्ति के पापों का नाश होता है और जीवन में सुख-समृद्धि एवं वैभव की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के साथ क्षेत्र के श्रद्धालु इस दिन कीर्तन और पूजा-अर्चना में भाग लेंगे।