हिमाचल प्रदेश का बजट निराशाजनक, जन विरोधी: इन्दु बाला गोस्वामी
धर्मशाला, 22 मार्च 2026 - राज्यसभा सांसद इन्दु बाला गोस्वामी ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को निराशाजनक, जन विरोधी और आम जनता के साथ खिलवाड़ करार दिया है।
उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर पर्यटन क्षेत्र के विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर बजट में पर्यटन और परिवहन क्षेत्रों की अनदेखी की गई है। इससे पर्यटन उद्योग को नुकसान होगा और इस क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों व पेशेवरों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
गोस्वामी ने आरोप लगाया कि जनहितैषी होने का दावा करने वाली सुक्खू सरकार ने सामाजिक सेवाओं के लिए पर्याप्त प्रावधान नहीं किया है। इसके चलते वृद्धावस्था, दिव्यांग और विधवा पेंशन के समय पर भुगतान में बाधा आ सकती है, जिसका असर समाज के सबसे कमजोर वर्गों पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण और ग्रामीण विकास योजनाओं के लिए निर्धारित बजट “ऊंट के मुंह में जीरा” के समान है। देश के प्रमुख ग्रामीण राज्यों में शामिल हिमाचल प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों की उपेक्षा सत्तारूढ़ दल की सोच को दर्शाती है।
सांसद ने यह भी कहा कि बजट में बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार सृजन के ठोस उपायों का अभाव है। उन्होंने राजनेताओं और अधिकारियों के वेतन में अस्थायी कटौती को मात्र दिखावा बताते हुए इसे जनता की आंखों में धूल झोंकने का प्रयास करार दिया।
अंत में इन्दु बाला गोस्वामी ने सरकार से फिजूलखर्ची पर रोक लगाने, भ्रष्टाचार पर सख्ती से लगाम लगाने और सरकारी धन के दुरुपयोग को रोकने की मांग की, ताकि व्यापक जनहित में कार्य किया जा सके।