धर्मशाला, 19 मार्च - अनुराग ठाकुर ने चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर ज्वालामुखी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। गुरुवार को हिंदू नववर्ष एवं प्रथम चैत्र नवरात्र के मौके पर वे अपनी धर्मपत्नी शैफाली ठाकुर के साथ मंदिर पहुंचे।
हमीरपुर से सांसद और पूर्व सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर अपने प्रवास के दौरान कांगड़ा से सीधे ज्वालामुखी मंदिर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और मंदिर के स्थानीय बरीदारों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मंदिर के प्रवेश द्वार पर पारंपरिक वाद्ययंत्रों और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ उनका अभिनंदन किया गया।
मंदिर के गर्भगृह में पहुंचकर अनुराग ठाकुर ने मुख्य ज्योति के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर हिमाचल प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्योति शंकर शर्मा ने बताया कि अनुराग ठाकुर ने प्रदेशवासियों के बेहतर स्वास्थ्य, शांति और समृद्धि के लिए देवी से आशीर्वाद मांगा।
कार्यक्रम में एएसपी देहरा आर.पी. जसवाल, एसडीएम संजीव शर्मा, मंदिर अधिकारी अजय मंडियाल सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
Anurag Thakur ने अपनी धर्मपत्नी शैफाली ठाकुर के साथ देहरा के समीप स्थित प्रसिद्ध Baglamukhi Temple में पूजा-अर्चना की और माथा टेका।
उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा कर प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ भी देखने को मिली और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया।
हमीरपुर से सांसद Anurag Thakur ने चैत्र नवरात्रि और हिंदू नववर्ष के अवसर पर प्रदेश व देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
उन्होंने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर संकट और युद्ध जैसी परिस्थितियां बनी हुई हैं, ऐसे समय में सभी को एकजुट होकर देश और प्रदेश की प्रगति के लिए कार्य करना चाहिए तथा माता रानी से सभी पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
आर्थिक मुद्दों पर बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि पहले 17 राज्यों को मिलने वाली आर्थिक सहायता स्थायी नहीं थी और समय के साथ राज्यों को अपने आय के स्रोत बढ़ाने, खर्चों में कटौती करने और कर्ज कम करने की दिशा में काम करना था। उन्होंने कहा कि कई राज्यों ने इस दिशा में प्रगति की, लेकिन हिमाचल प्रदेश अपेक्षित कदम नहीं उठा पाया, जिसके चलते राज्य का कर्ज लगातार बढ़ता गया।
रेलवे परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भानुपल्ली-बिलासपुर रेलवे लाइन के लिए राज्य सरकार पर अभी भी 2000 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि राज्य सरकार समय पर अपना योगदान देती तो यह परियोजना अब तक लगभग पूरी हो चुकी होती। इसके बावजूद केंद्र सरकार ने लगभग 65,000 करोड़ रुपये की इस परियोजना में धन की कोई कमी नहीं आने दी।
उन्होंने कहा कि पूर्व में कांग्रेस सरकार के दौरान रेलवे परियोजनाओं के लिए पर्याप्त बजट नहीं मिलता था, जबकि वर्तमान में केंद्र सरकार द्वारा एक वर्ष में 2700 करोड़ रुपये से अधिक की राशि उपलब्ध कराई गई है।
अनुराग ठाकुर ने बताया कि नंगल-ऊना-तलवाड़ा रेलवे लाइन में हिमाचल का कार्य पूरा हो चुका है और अगले दो वर्षों में इसे तलवाड़ा से जोड़ने का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा ऊना-नादौन-हमीरपुर से ज्वालाजी होते हुए कांगड़ा तक नई रेलवे लाइन के लिए सर्वेक्षण शुरू करने की योजना है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
अंत में उन्होंने कहा कि पांच राज्यों के आगामी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी शानदार प्रदर्शन करेगी और पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरी है।