राज्यपाल से मिल भाजपा विधायक दल ने सरकार की कारगुजारी की शिकायत की
हिमाचल भाजपा विधायक दल नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर की अगवाई में शुक्रवार सुबह प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से राजभवन में मिला। व उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में राज्यपाल का ध्यान आकृश्ट करते हुये लिखा है , कि हम भारतीय जनता पार्टी के सभी विधायक आपके ध्यान में एक अति महत्वपूर्ण विषय लाना चाहते हैं। हिमाचल प्रदेश की वर्तमान सरकार अक्तूबर, 2025 के बाद से “विधायक क्षेत्र विकास निधि“ का पैसा जारी नहीं कर रही है जिसके कारण विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में जनता से विकास कार्यों के सम्बन्ध में की गई घोषणाओं को पूरा करने में कठिनाई आ रही है।
महामहिम महोदय, सर्वविदित है कि इस बार बरसात में प्राकृतिक आपदा के कारण भारी नुकसान प्रदेश में हुआ, जिसकी भरपाई के लिए विधायकों ने वायदे किए हैं परन्तु विधायक क्षेत्र विकास निधि बंद होने से आपदा से हुए नुकसान की भरपाई नहीं हो पा रही है। बजट में प्रावधान होने के बावजूद भी इस वर्ष आधी ही विधायक क्षेत्र विकास निधि जारी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। यही नहीं, विधायकों की “एच्छिक निधि“ भी समय पर नहीं आ रही है, जिससे विधायक गरीब लोगों की सहायता करने में असमर्थ हो गए हैं।
महामहिम महोदय, आज और कल योजना बैठकें आयोजित हो रही है जिसमें विधायक अपनी प्राथमिकताएं प्रस्तुत करते हैं परन्तु वर्तमान प्रदेश सरकार के 3 वर्ष के कार्यकाल में विपक्षी विधायकों की विधायक प्राथमिकताओं की योजनाओं की स्वीकृति होना तो दूर उनकी डी. पी. आर. ही नहीं बन रही ।
इसलिए भारतीय जनता पार्टी विधायक दल इस ज्ञापन के माध्यम से आपसे निवेदन करता है कि आप सरकार को विधायक क्षेत्र विकास निधि एवं एच्छिक निधि समय पर जारी करने व भाजपा विधायकों की प्राथमिकताओं की डी. पी.आर. बनाकर नाबार्ड से स्वीकृत करने के निर्देश दें ताकि विधायक जनता से की गई विकासात्मक घोषणाओं को पूरा कर सके और हिमाचल भी विकास की राह पर आगे बढ़ता रहे।