समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, बेइमानी और लूट चरम पर है। भाजपा और उसकी सरकार हर तरह के भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है। संविधान और कानून का शासन खत्म हो गया। खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है। भाजपा की नीयत में खोट है। वह लोकतंत्र को बंधक बनाकर शासन करना चाहती है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सत्ता और शासन तंत्र का दुरूपयोग कर रही है। चुनावी प्रक्रिया में धांधली करती है। पैसे बांट कर चुनाव लड़ती है। खुलेआम साम्प्रदायिकता को बढ़ाने की भाषणबाजी करती है। भाजपा सरकार में फर्जी मुठभेड़ हो रहे है। इन मामलों में कई जगह पुलिस वालों पर केस हो चुके है। जमीन पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। अवैध खनन और अवैध वन कटाई हो रही है। हर काम में भ्रष्टाचार है। पुलिस हिरासत में मौतें हो रही है। निवेश में कमीशन मांगा जाता है। संविधान को मिटाने का षड्यंत्र चल रहा है। झूठे दावों का बेशर्मी से प्रचार होता है। बुलडोजर से नाइंसाफी हो रही है। भाजपा सरकार आरक्षण को खत्म करने की चालबाजी कर रही है। भर्ती और नौकरी को खत्म करने की साजिश कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा पीडीए पर अन्याय और अत्याचार कर रही है। भाजपा सरकार को कोई लोकलाज नहीं है। लोकतंत्र और कानून को मजाक बना दिया है। जनता भाजपा की नकारात्मक कार्यप्रणाली को देख रही है। आने वाले समय में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी।